
दीपक शर्मा की रिपोर्ट
चंद्रशेखर आजाद नगर (आलीराजपुर) :- मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर नीतू माथुर ने चंद्रशेखर आजाद नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील कार्यालय एवं बहुद्देशीय सहकारी कृषि साख संस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर माथुर ने महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, प्रसूति वार्ड, लैबोरेटरी सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनकी माताओं से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने परिवार नियोजन के संबंध में समझाइश देते हुए कहा कि परिवार में बच्चों की संख्या सीमित होने से बच्चों की बेहतर परवरिश के साथ उन्हें अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने एवं दवाओं के वितरण का नियमित रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध हो सकें।
इसके बाद कलेक्टर ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने लेखा शाखा सहित विभिन्न शाखाओं में अभिलेखों एवं दस्तावेजों के रख-रखाव की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को सभी दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण एवं रिकॉर्ड का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बहुद्देशीय सहकारी कृषि साख संस्था के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने संस्था के सदस्यों की संख्या, लेन-देन एवं उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संस्था के अभिलेखों एवं कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम दीपिका पाटीदार, तहसीलदार दिनेश व्यास, डॉ. राहुल जायसवाल, सहकारिता आयुक्त जी.एल. सोलंकी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

