

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ़ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर। तहसील परिसर में दलालों, कमीशनखोरों का पूर्णतया प्रवेश वर्जित है, यदि आपसे कोई नामांतरण, वसीयतनामा आदि में दलाली व कमीशनखोरी की मांग करे तो तत्काल अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराएं। उपरोक्त शीर्षक के 6 स्लोगन, बैनर तहसील परिसर के अलग-अलग हिस्सों में लगाए गए हैं। हालांकि अधोहस्ताक्षरी के द्वारा लगाए गए उपरोक्त बैनरों का असर कितना पड़ता है, यह किसी से छिपा नहीं है।
मौदहा तहसील परिसर में व्याप्त भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की चर्चा समय समय पर आमजन में होती रही है। लेकिन इस कमीशनखोरी, दलाली व भ्रष्टाचार की खबरों को संज्ञान में लेकर उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह व तहसीलदार शिखर मिश्रा ने तहसील परिसर के अलग-अलग 6 हिस्सों में स्लोगन व बैनरों के माध्यम से आमजन को जागरूक करते हुए न्यायालय में नामांतरण, वसीयतनामा के नाम पर किसी को दलाली देना व रिश्वत का लेन-देन करना अपराध की श्रेणी में आने के बैनर लगाए गए हैं। उपरोक्त बैनरों के माध्यम से आमजन को जागरूक करने की कवायद भी शुरू की गई है। लेकिन सिर्फ स्लोगन तथा बैनरों के लटकाने मात्र से तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार क्या समाप्त हो सकता है। हालांकि जिम्मेदारों के द्वारा शुरू की गई उक्त पहल का पालन वहां मौजूद पेशकारों से लेकर बाबूगिरी करने वाले कितना करते हैं, भविष्य के गर्भ में छिपा है।