

बिलवा रोड/अंजड़
रवि शिमले रिपोर्टर
आज ग्राम बिलवा रोड में वीर बाल दिवस का आयोजन श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। यह कार्यक्रम साहिबज़ादे बाबा ज़ोरावर सिंह जी एवं बाबा फ़तेह सिंह जी के अद्भुत बलिदान की स्मृति में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवाणी पाठ एवं अरदास के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित वक्ताओं ने साहिबज़ादों के साहस, धर्मनिष्ठा और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में भी उन्होंने अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर दिया और धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा भाषण, देशभक्ति गीत, कविता पाठ एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। वक्ताओं ने कहा कि वीर बाल दिवस बच्चों में साहस, सत्य, नैतिकता और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का अवसर है।
इस अवसर पर ग्राम के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में बच्चों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी ने साहिबज़ादों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
शासकीय माध्यमिक स्कूल बिलवा रोड में वीर बाल दिवस मनाया गया।
जिसमें स्कूल के प्रधानअध्यापक हीरालाल चौहान सर , गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान ओंकार सिंह , जनपद प्रतिनिधि , हेमेंद्र आर्य, गुरु सिंह सभा के संचालक, जैलसिंह। गुरुद्वारा साहिब अंजड़ के ग्रंथी सोहन सिंह, स्कूल के टीचर वह ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
