
विश्व जल दिवस पर ग्राम कलमगांव में “जल महोत्सव” का उत्साहपूर्वक आयोजन, जल संरक्षण का दिया संदेश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
विश्व जल दिवस के अवसर पर विकासखंड पांढुर्णा के ग्राम कलमगांव में “जल महोत्सव गर्व का पर्व, हर घर नल से जल उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता एवं जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रामीण महिलाओं एवं सरपंच द्वारा पुष्प माल्यार्पण तथा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके उपरांत उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणजनों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।

विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस जल महोत्सव के दौरान नल की पूजा-अर्चना की गई तथा जल संरक्षण को लेकर ग्रामीणों को सामूहिक संकल्प शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत विभिन्न सहायक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे लोगों में जल के महत्व को लेकर जागरूकता और बढ़ी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को क्रियान्वित नल-जल योजना के सुचारू संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पेयजल स्रोतों जैसे ट्यूबवेल, संपवेल एवं नल कनेक्शन के रखरखाव, पेयजल की शुद्धता बनाए रखने एवं जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। ग्रामीणजनों ने जल संरक्षण एवं स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर जल महोत्सव की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण के विभिन्न उपायों के प्रति प्रेरित किया गया।
यह कार्यक्रम सहायक यंत्री श्री सुभाष गाडगे के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभागीय उपयंत्री श्री प्रशांत गायकवाड़, विकासखंड समन्वयक श्री रितेश फरकसे, हैंडपंप तकनीशियन श्री डी. के. जिजकार, श्री गोपाल कुमरे, श्री अनिल भांगे सहित एनजीओ विलेज फसिलिटेटर श्री साधु जानवरकर, पंचायत सचिव, ग्रामीण महिलाएं, पंप चालक एवं अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।