
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर सौसर में समीक्षा बैठक आयोजित
हितग्राहियों के लिए समुचित एवं बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना- कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के संबंध में तहसील कार्यालय सौसर में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर गहन चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण के लिए शिलालेख (पत्थर) लगाने की समुचित एवं व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने सभी विभागों एवं जनपद पंचायत सौसर/पांढुर्णा को निर्देश देते हुए कहा कि पंचायतों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने की समुचित व्यवस्था की जाए। इस दौरान कुल 20 हजार हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। साथ ही हितग्राहियों के आवागमन के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने के साथ प्रत्येक बस में भोजन पैकेट एवं पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण कर ही प्रवेश करेंगे, जिससे व्यवस्था में अनुशासन एवं पारदर्शिता बनी रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा लाभांवित हितग्राहियों को कार्यक्रम के दौरान चेक वितरण किए जाने की भी जानकारी दी गई।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की समस्त तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण के दौरान कार्यक्रम का सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ छिंदवाड़ा /पांढुर्णा श्री अग्रिम कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश, अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी,एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, एसडीएम सौंसर श्री सिद्दार्थ पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।