

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर। मंगलवार को हुई बारिश के बाद इंगोहटा से अरतरा गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया, जिससे आवागमन ठप हो गया है। कच्चा रास्ता होने के कारण दोपहिया और तिपहिया वाहन बीच रास्ते में फंस रहे हैं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे गेट संख्या 25 पर अंडरब्रिज निर्माण प्रस्तावित होने के कारण मुख्य पक्का मार्ग बंद कर दिया गया है। फिलहाल लोगों को रेलवे गेट 26 के अंडरब्रिज से होकर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे कच्चे रास्ते से गुजरना पड़ता है। बारिश ने इस रास्ते को दलदल में बदल दिया है, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
राहगीर दिनेश कुमार, संतोष, अंजनी कुमार, दुर्गेश व राजाराम ने बताया कि महज 6 किलोमीटर की दूरी के लिए अब 15 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने वैकल्पिक मार्ग पर मौरंग या गिट्टी डलवाने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।
