

- कटनी, दिनांक 24 मार्च 2026
नगर निगम कटनी द्वारा संचालित स्कूली छात्रों के लिए नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) की “टाइगर आउटसाइड टाइगर रिजर्व” योजना के अंतर्गत प्रकृति दर्शन सह जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बांधवगढ़ संरक्षित क्षेत्र का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने वन्यजीवन और प्राकृतिक संपदा को नजदीक से देखा और समझा।
भ्रमण के दौरान बांधवगढ़ के विशेषज्ञ स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को टाइगर रिजर्व, जैव विविधता एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही वन मंडल कटनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता और उसके महत्व पर प्रकाश डाला।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को वन्य प्राणियों से संबंधित खेल एवं क्विज़ के माध्यम से रोचक और प्रभावी ढंग से शिक्षित किया गया, जिससे बच्चों में सीखने की उत्सुकता और जागरूकता दोनों बढ़ी। इसके अलावा, सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन एवं स्नैक्स की भी समुचित व्यवस्था की गई।
जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सभी छात्रों एवं प्रतिभागियों को संदेशयुक्त टी-शर्ट एवं वॉटर बॉटल वितरित किए गए। इन पर अंकित संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
यह समस्त आयोजन वन मंडल कटनी द्वारा बांधवगढ़ पार्क प्रबंधन एवं नगर निगम कटनी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।