

सोशल मीडिया पर झूठे आरोप फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
सिंगरौली। मध्य प्रदेश वन कर्मचारी संघ जिला सिंगरौली ने सोशल मीडिया पर वन विभाग के कर्मचारियों के विरुद्ध भ्रामक व तथ्यहीन ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। संघ ने कहा है कि कुछ राजनीतिक दलों एवं व्यक्तियों द्वारा यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से झूठे आरोप फैलाकर वन अधिकारियों की छवि खराब की जा रही है।
संघ ने स्पष्ट किया कि कार्यवाहक वनपाल श्री सुशील कुमार बुन्कर के विरुद्ध लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। बिना किसी ठोस और प्रमाणित जांच के किसी भी कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई करना न केवल गलत है, बल्कि इससे शासन की नीतियों और प्रशासन की छवि भी धूमिल हो रही है।
मध्य प्रदेश वन कर्मचारी संघ ने मांग की है कि जब तक आरोप प्रमाणित न हों, तब तक किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर झूठे व बेबुनियाद ऑडियो-वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि बिना निष्पक्ष जांच के किसी वन कर्मचारी पर पुलिस या प्रशासनिक कार्रवाई की जाती है, तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।