

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर और महोबा ज़िले की सीमा पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज महोबा में चल रहा है।

यह हादसा खन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाज़ा के पास बृहस्पतिवार रात हुआ। जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक से महोबा से मौदहा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे टोल प्लाज़ा के पास पहुंचे, एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे में मौदहा कस्बे के हैदरगंज निवासी 27 वर्षीय राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रदीप ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं तीसरा युवक गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए महोबा भेजा गया है।
मृतक राजेंद्र अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और रेलवे में टीटीई के पद पर सतना में तैनात था। वहीं प्रदीप पेशे से फोटोग्राफर था और महोबा में एक कार्यक्रम की फोटोग्राफी कर लौट रहा था। तीनों युवक आपस में गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रक की तलाश की जा रही है।