

रिपोर्टर राजकुमार हमीरपुर अखंड भारत
मौदहा।हमीरपुर।12 दिसंबर मौदहा कस्बा सहित विभिन्न गांवों के लिए आने जाने वाले आटो और ई रिक्शा चालक स्थानीय प्रशासन की आंखों में धूल झोंक बड़ी दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं। तिपहिया वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियों को ढो रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार विभागों के अधिकारी चेकिंग के नाम पर अपनी जेब गर्म कर इनको खुली छूट दे रहे हैं। जिससे कि तिपहिया वाहन चालकों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। और आए दिन बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है जिसमें एक तिपहिया वाहन के पीछे लदे स्कूली बच्चे कंधों में बैग टांगें लटके हुए दिखाई दे रहे हैं।
बताते चलें कि शुक्रवार को एक वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ। उक्त वायरल वीडियो में एक तिपहिया आटो में चार स्कूली बच्चे कंधों में बैग टांगें पीछे लटके हुए दिखाई दे रहे हैं। उक्त वीडियो जहां से बनाया गया वो कस्बे के सबसे व्यस्ततम मार्ग की श्रेणी में आता है। बताते चलें कि उक्त स्थान में लोगों की भीड़ भी अच्छी खासी इकट्ठा रहती है और पुलिस का विचरण भी बना रहता है। वहीं एक आटो चालक अपनी आटो के अंदर सवारियां बैठाए हुए है तथा पीछे स्कूली बच्चे लटके हुए स्कूल की ओर जा रहे हैं।
ऐसा नहीं है कि उक्त वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से जिम्मेदारों तक न पहुंचे लेकिन जिम्मेदार ठहरे मूकदर्शक। हालांकि यदा कदा इस मार्ग पर यातायात पुलिस तो विचरण करती है लेकिन किस उद्देश्य से करती है आज तक पता नहीं चल सका। लोगों का यह भी मानना है कि कस्बे की गुड़ाही बाजार जो लगभग आधा दर्जन गांवों के आटो स्टैंड के नाम से प्रचलित है। यहां लगभग दो दर्जन आटो तथा ई रिक्शा दिनभर खड़े रहते हैं तो यातायात पुलिस समेत स्थानीय प्रशासन के जिम्मेदार अपनी जेब गर्म करने जरूर आते हैं लेकिन कभी आटो चालकों को नियमों का पाठ नहीं पढ़ाते। वहीं नगर पालिका के जिम्मेदार भी नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों से टैक्स के नाम पर उगाही तो करते हैं लेकिन आज तक नगरपालिका एक स्थाई स्टैंड आटो चालकों को उपलब्ध नहीं करा सकी है। ऐसे ही लगभग सभी विभागों की चरमराई हुई लचर व्यवस्था का लाभ लेते हुए ऐसे वाहन चालक अपनी मनमर्जी पर उतारू होकर जिम्मेदारों को चिढ़ाते हुए दुर्घटनाओं को दावत देते हैं जो चिंता का विषय है।
