

जनपद में आधारभूत संरचनाओं के विकास को निरंतर मिल रही प्राथमिकता
राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग के मार्गदर्शन एवं विधायक नगर के सतत् प्रयासों से जनपद के हसनपुर चुंगी से सर्किट हाउस मार्ग का होगा सुदृढीकरण
राज्य सड़क निधि से मिली नौ करोड़ उन्तालीस लाख सतहत्तर हजार रूपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति
हसनपुर चुंगी से सर्किट हाउस मार्ग होते हुए एसएनजीटी (सहारनपुर, नकुड़, गंगोह, थानाभवन) मार्ग के चैनेज से 3.7 किमी0 लम्बाई के सड़क मार्ग की दोनों पटरियों का डामरीकरण से किया जाएगा सुदृढीकरण
मोहम्मद अली मिर्ज़ा/अखंड भारत न्यूज़
सहारनपुर। राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह के मार्गदर्शन एवं विधायक नगर राजीव गुम्बर के सतत् प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य सड़क निधि से सहारनपुर के अन्तर्गत हसनपुर चुंगी से सर्किट हाउस मार्ग होते हुए एसएनजीटी मार्ग के चैनेज से 3.700 में सुदृढीकरण कार्य हेतु 9,39,77,000 नौ करोड़ उन्तालीस लाख सतहत्तर हजार रूपये मात्र की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गयी है।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में राज्य सड़क निधि से 91,74,000 (इक्यानवे लाख चौहत्तर हजार मात्र) की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गयी है। उन्होने कहा कि जनपद के आवागमन के दृष्टिगत यह एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इसको बेहतर करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था जिसको शासन ने प्राथमिकता से लेते हुए स्वीकृति प्रदान की है। जनपद में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। निर्माण कार्यों के अन्तर्गत केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा आवागमन की सुविधा, सुगम एवं शीघ्र पंहुच के तहत सड़कों का निर्माण प्राथमिकता से किया जा रहा है। हसनपुर चुंगी से सर्किट हाउस मार्ग जोकि जनपद के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। इसकी मांग पहले से की जा रही थी। आज राज्य सड़क निधि के तहत इसको प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की जानकारी शासन द्वारा प्रमुख अभियंता विकास एवं विभागाध्यक्ष लोक निर्माण विभाग उ0प्र0 लखनऊ को जारी एक पत्र के माध्यम से दी गयी। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस कार्य के लिए 91.74 लाख रूपये की धनराशि अवमुक्त की गयी है।