A2Z सभी खबर सभी जिले की

हनुमान लोक का लोकार्पण : आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक- मुख्यमंत्री डॉ.यादव ,मुख्यमंत्री डॉ.यादव के मुख्य आतिथ्य में हनुमान लोक के प्रथम चरण का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने 360 करोड़ रूपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया, हनुमान लोक परियोजना के द्वितीय चरण के कार्यों की घोषणा की

हनुमान लोक का लोकार्पण : आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक- मुख्यमंत्री डॉ.यादव

मुख्यमंत्री डॉ.यादव के मुख्य आतिथ्य में हनुमान लोक के प्रथम चरण का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने 360 करोड़ रूपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया

हनुमान लोक परियोजना के द्वितीय चरण के कार्यों की घोषणा की

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रामनवमी के पावन अवसर पर जाम सांवली में हनुमान लोक परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया । लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह लोकार्पण राम राज्य की भावना, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणा का स्रोत है और हमें उनके जीवन से विनम्रता, समर्पण एवं साहस जैसे गुणों को आत्मसात करना चाहिए।

Related Articles

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर हनुमान लोक परियोजना के प्रथम चरण के कार्यों का लोकार्पण करते हुए लगभग 360 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर जिले को महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान कीं। कार्यक्रम के पूर्व उन्होंने हनुमान लोक का अवलोकन किया तथा गर्भगृह में पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।


कार्यक्रम में प्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री एवं पांढुर्णा जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुल्हाड़े, विधायक सौसर श्री विजय रेवनाथ चौरे, विधायक पांढुर्णा श्री निलेश पुसाराम उइके, पूर्व राज्यमंत्री नाना भाऊ मोहोड़, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री संदीप मोहोड़, मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष श्री गोपाल शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

“सच्चा वादा, पक्का काम” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा प्रदेश
पांढुर्णा जिले के विकास के लिये प्रदेश सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि “सच्चा वादा, पक्का काम” के संकल्प के साथ प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रदेश ने भी विकास की गति पकड़ी है। उन्होंने पांढुर्णा जिले में विकास की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए यहां के सिल्क कलाकारों और संतरे की विशेष पहचान को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए कार्य जिले के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने नवीन कलेक्ट्रेट भवन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय, जिला चिकित्सालय जैसे निर्माण कार्यों से आमजन की सुविधाएं बढ़ने की बात कही। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने पांढुर्णा में इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम, नगरपालिका विकास निधि में वृद्धि, महिला थाना की स्थापना, हनुमान लोक में 10 बिस्तर अस्पताल के निर्माण तथा कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की अनुशंसा करने की घोषणा की। उन्होंने हनुमान लोक परियोजना के द्वितीय चरण के विकास कार्यों की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पांढुर्णा जिले के विकास में कोई भी कसर नहीं छोड़ेगी।

किसानों को मिलेगी दिन में बिजली
माता यशोदा योजना के माध्यम से शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को मिलेगा मुफ्त दूध का पैकेट

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि वर्ष 2026 को प्रदेश में “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कृषि क्षेत्र के त्वरित विकास हेतु अभियान चलाया जा रहा है। नवीन कृषि तकनीकों, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन तथा पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को अब सिंचाई के लिये रात्रि के समय खेत जाने की आवश्यकता नहीं होगी किसानों को दिन के समय बिजली देने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करते हुए इसकी उत्पादन दर को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कुपोषण उन्मूलन के लिये “माता यशोदा योजना” के माध्यम से शासकीय स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क दूध का पैकेट उपलब्ध कराने की घोषणा की ।

युवाओं को रोजगार और शिक्षा सुविधाओं का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विगत 2 वषों में प्रदेश में लगभग 70 हजार पदों पर नवीन भर्ती हुई है। वहीं ऊर्जा विभाग में 50 हजार तथा स्वास्थ्य विभाग में 42 हजार नवीन पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में लगभग 2.5 लाख पदों पर और नियुक्तियां की जाएंगी।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए संदीपनी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के लिए बस सुविधा, डिजिटल स्मार्ट क्लासरूम और खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा लैपटॉप और स्कूटी का वितरण भी किया जा रहा है। स्कूली छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया है।

भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में किया जा रहा विकसित

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि प्रदेश में भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े सभी स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का उन्नयन करते हुए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रामनवमी के अवसर पर ओरछा में हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ भी किया जा रहा है।

प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम छोर के व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। उन्होंने कहा कि आज किए गए लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्य न केवल आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करेंगे, बल्कि जिले के समग्र विकास को भी नई दिशा और गति प्रदान करेंगे। इन कार्यों से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हनुमान लोक जैसे प्रकल्प न केवल आस्था के केंद्र हैं, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थलों के विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हनुमान लोक परियोजना प्रदेश के प्रमुख आस्था केंद्रों में अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगी।

कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने खनिज निरीक्षक पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया । उन्होंने लाडली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को आश्वासन पत्र, आजीविका मिशन के स्व सहायता समूहों को सीसीएल राशि के वितरण के साथ ही प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य कर रहे किसानों तथा वॉश ऑन व्हील्स कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य युवाओं को प्रशस्ति पत्र का वितरण किया।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!