
संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा ने लगाई फांसी, मौत
राठ हमीरपुर। कोतवाली क्षेत्र के बड़ा गांव में शनिवार शाम एक 18 वर्षीय बीए छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान एकता (18) पुत्री कालीचरण के रूप में हुई है। वह जराखर गांव स्थित एक महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बताया गया कि शनिवार शाम एकता अपने घर के कमरे में अकेली थी। कुछ देर बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एकता रस्सी के फंदे से लटकी हुई है। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। रविवार को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों के अनुसार, एकता के पिता कालीचरण व बड़ा भाई मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जबकि मां संतोषी और दो भाई गांव में ही हैं।
राठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
फोटो-04,फाईल फोटो मृतक छात्रा