A2Z सभी खबर सभी जिले की

दीपावली पर मिलावटखोरों पर शिकंजा: अलीगढ़ खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई 15 कंुतल खोया, 350 किलो पनीर व 2300 लीटर दूध नष्ट

अलीगढ़  दीपावली पर्व पर जनमानस को सुरक्षित एवं शुद्ध दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सचल दल ने सहायक आयुक्त खाद्य अजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में मंगलवार सुबह का छेरत रोड स्थित एफएम टावर के पास खोये से भरी एक पिकअप गाड़ी (संख्या यूपी 81 सीटी 7483) को पकड़ा। गाड़ी में लगभग 15 कुंतल खोया लदा हुआ पाया गया, जो अस्वच्छ एवं अस्वस्थकर परिस्थितियों में परिवहन किया जा रहा था। खोये से दुर्गंध आने एवं प्रारंभिक जांच में मिलावट की आशंका पाए जाने पर मौके से तीन नमूने संग्रहित किए गए। शेष खोया (कुल 15 कुंतल, अनुमानित मूल्य 3,75,000 रुपया) को नष्ट कराया गया, क्योंकि यह मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया। नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी  इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रेमपुर खैर स्थित रोहित पनीर डेयरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया मिलावट की आशंका एवं स्वच्छता मानकों के उल्लंघन की पुष्टि पर टीम ने नोटिस जारी करते हुए कुल 8 खाद्य नमूनेः पनीर, दूध, सोयाबीन, पामोलीन तेल व मिल्क पाउडर सग्रहीत किए। मौके पर अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार 350 किलो पनीर (मूल्य 91,000 रुपया) और 1800 लीटर मिश्रित दूध (मूल्य 1,04,400 रुपया) नष्ट कराया गया। वहीं रिफाइंड पामोलीन तेल 28 किलो (5,225 रुपया) और मिल्क पाउडर 48 किलो (16,704 रुपया) जब्त किया गए। इसके साथ ही इगलास तहसील क्षेत्र से भी एक मिश्रित दूध का नमूना संग्रहित करते हुए 500 लीटर दूध मौके पर नष्ट कराया गया। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने पर मिलावट की प्रकृति के अनुसार खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. दीनानाथ यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुज कुमार, श्रीमती शिखा श्रीवास्तव एवं नेहा सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज सिंह तोमर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियेश सिंह, श्वेता चक्रवर्ती, त्रिभुवन नारायण, आशीष गंगवार, परमवीर सिंह एवं महेंद्र सिंह शामिल रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!