
छपरा सारण से डॉ देशराज बिक्रांत की रिपोर्ट
छपरा, 18 सितम्बर।
आगामी विधानसभा चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की तैयारी के क्रम में गुरुवार को प्रेक्षा गृह में मास्टर ट्रेनरों का उन्मुखिकरण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी अमन समीर ने प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर चुनाव में नए नियम और प्रक्रियाएँ जुड़ती रहती हैं, इसलिए सभी कर्मियों का अद्यतन ज्ञान अनिवार्य है।
“नोटबुक और संवाद शैली से होगा बेहतर प्रशिक्षण” – डीएम
डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण एकतरफा संवाद न होकर इंटरएक्टिव पद्धति पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने मास्टर ट्रेनरों से अपेक्षा की कि वे नोटबुक और पेन का प्रयोग करते हुए महत्वपूर्ण बिंदुओं को दर्ज करें तथा उदाहरणों के माध्यम से मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दें, ताकि सत्र रुचिकर और प्रभावी बने।
उन्होंने स्पष्ट किया कि –
इवीएम एवं वीवीपैट का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण अनिवार्य है।
मतदान दलों को डिस्पैच सेंटर, सामग्री वितरण स्थल और बूथ व्यवस्था की जानकारी समय रहते देनी होगी।
पार्टी मिलान, पुलिस अधिकारियों से परिचय और संपर्क नंबरों का आदान-प्रदान मतदान से पहले सुनिश्चित होना चाहिए।
वोटर टर्नआउट रिपोर्ट समय से भेजने और किसी भी समस्या की तुरंत सूचना सेक्टर, एआरओ और कंट्रोल रूम को देना अनिवार्य होगा।
डीएम ने कहा, “चुनाव से महत्वपूर्ण कोई कार्य नहीं है। प्रशासन पूरी तरह कर्मियों की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
“वर्ल्ड क्लास चुनाव कराने की तैयारी” – उप निर्वाचन पदाधिकारी
उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने कहा कि बिहार में इस बार का चुनाव आयोग की निगरानी में वर्ल्ड क्लास स्तर का होगा। मास्टर ट्रेनरों से अपेक्षा है कि वे पीओ, पी-1, पी-2 और पी-3 के कर्तव्यों को बिंदुवार और स्पष्ट रूप से समझाएँ तथा उन बिंदुओं पर विशेष ध्यान दें जहाँ त्रुटि की संभावना रहती है।
मुद्रित पुस्तिका और वीडियो से होगा प्रशिक्षण सरल
प्रशिक्षण कोषांग के वरीय प्रभारी पदाधिकारी एवं नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण, डीपीओ (समग्र शिक्षा) प्रियंका रानी तथा डीपीओ (माध्यमिक शिक्षा) अजीत अमर हरिजन ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रशिक्षण के लिए तैयार की गई मुद्रित पुस्तिका में सभी कार्यों को बुलेट पॉइंट में समझाया गया है। साथ ही प्रपत्रों के नमूने भी सम्मिलित हैं, जिन्हें अगले प्रशिक्षण सत्र में भरवाकर अभ्यास कराया जाएगा।
“शून्य त्रुटि, निर्बाध चुनाव” लक्ष्य
मौके पर जिला गव्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने मिलकर इस बात पर जोर दिया कि इस बार का चुनाव शून्य त्रुटि, निर्बाध और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा।