

रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। 14 सितम्बर। हिंदी दिवस पखवाड़े के अंतर्गत माँ नर्मदा कॉलेज ऑफ एजुकेशन धामनोद में हिंदी दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय संचालक डॉ. मनोज नाहर ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी का ज्ञान देश के मान को बढ़ाता है। हिंदी सिर्फ भाषा या संवाद का साधन नहीं है बल्कि हर भारतीय के बीच सामाजिक और संस्कृतिक सेतु भी है।
श्रीमती रीना नाहर ने हिंदी को भारत की एकता और अखंडता की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि हिंदी को आगे बढ़ना उन्नति की राह पर ले जाना है। हमें केवल एक दिन नहीं बल्कि प्रत्येक दिन हिंदी दिवस मनाना चाहिए। प्राचार्य डॉ. योगिता राठौड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा के महत्व और इसके संरक्षण पर प्रकाश डाला और कहा कि हमें हिंदी का महत्व इस बात से समझना चाहिए कि दुनिया भर के 170 से अधिक विश्वविद्यालय में हिंदी एक भाषा के रूप में पढ़ाई जाती है वही हिंदी भाषा भारत के बाहर 20 से अधिक देशों में बोली जाती है।
कार्यक्रम के अंतर्गत हिंदी भाषा को प्रोत्साहन देने के लिए भाषण प्रतियोगिता, कविता पाठ, पोस्टर मेकिंग और क्विज़ जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने हिंदी की महत्ता, राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में इसके योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता निर्णायक के रूप में प्रो. विजय झारिया, प्रो. ऋतिक पटेल एवं विमल त्रिपाठी द्वारा विजेताओं की घोषणा की गई और उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक प्रो. नीरज सोलंकी, प्रोफेसर मोनिका खान्डे एवं दिनेश नायडू उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. प्रियंका जायसवाल के साथ अरीबा कुरैशी एवं विशाखा जायसवाल ने किया। आभार अलवीरा कुरैशी ने माना।
