
रोहतास के डेहरी स्टेशन के पास लाल सूटकेस में मिली महिला की लाश का खुलासा, फरार पति कैमूर से गिरफ्तार

कैमूर रोहतास जिले के डेहरी रेलवे स्टेशन के पास एक फरवरी को लाल रंग के सूटकेस में मिली महिला की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में फरार चल रहे महिला के पति को कैमूर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपनी पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर रेलवे स्टेशन के पास फेंकने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कयूमुद्दीन शेख मंसूरी, निवासी जक्की बिगहा, डेहरी (रोहतास) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी का अपनी मामी की बहन से लंबे समय से अवैध संबंध था। पत्नी इसका लगातार विरोध कर रही थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने पत्नी को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
वाहन जांच के दौरान पकड़ाया आरोपी
भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया कि सोनहन थाना क्षेत्र में पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान भभुआ से सोनहन की ओर जा रही एक चार चक्का वाहन पुलिस को देखकर रुकी और उसमें सवार एक व्यक्ति उतरकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को लाल सूटकेस में बंद किया और रोहतास जिले के डेहरी रेलवे स्टेशन के पास फेंक दिया था। पूछताछ में उसने अवैध संबंध और पत्नी द्वारा विरोध को हत्या का कारण बताया।
रोहतास पुलिस को सौंपा जाएगा आरोपी
डीएसपी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गिरफ्तार आरोपी को रोहतास पुलिस के हवाले किया जा रहा है। वहीं रोहतास पुलिस इस पूरे हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच में जुटी हुई है।

