
लखनऊ में 26 साल के रिकवरी एजेंट कुणाल शुक्ला की हत्या अफेयर के चलते की गई थी। कुणाल का उसके 
बॉस विवेक सिंह की पत्नी से अफेयर था। उसकी कुछ तस्वीरें भी मिली हैं, जिनमें वो बर्थडे पर एक-दूसरे को केक खिलाते दिख रहे हैं।
पुलिस ने बुधवार को कुणाल के बॉस विवेक सिंह और उसके साथी वसीम अली खान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि विवेक ने हत्या से पहले कुणाल को शराब पिलाई। नशे में जब वह सो गया, तो वसीम को बुलाकर हत्या की। विवेक ने वसीम को मकान बनवाने और रुपए देने का लालच देकर वारदात को अंजाम दिया।
कुणाल का शव मंगलवार सुबह बंथरा इलाके में विवेक के स्वास्तिक फाइनेंस के ऑफिस में मिला था। उसके भाई ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बुधवार को मामले का राजफाश किया।

