

छत्तीसगढ़ में रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए रेशम कृषि मेला सह मेरा रेशम, मेरा अभिमान का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर डिप्टी सीएम अरुण साव शामिल हुए. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने रेशम उत्पादन से जुड़े किसानों को चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. आयोजन में रेशम उत्पादन करने वाले किसान के साथ रेशम से जुड़ी जानकारी प्रदान करने के लिए वैज्ञानिक भी मौजूद रहे. बेहतरीन क्वालिटी का रेशम उत्पादन करने और उत्पादन को बढ़ावा देने की तकनीक पर भी चर्चा की गई.
‘मेरा रेशम, मेरा अभिमान’: उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा रेशम, मेरा अभिमान कार्यक्रम का उद्देश्य आपको आधुनिक मशीनों के संबंध में जानकारी प्रदान करना है. इसके साथ ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराते हुए आपको रेशम उत्पादन से जोड़ना भी है. डिप्टी सीएम ने कहा कि आमदनी को बढ़ाना और आपको आत्मनिर्भर बनाकर प्रदेश और देश को आर्थिक प्रगति की राह में आगे ले जाना है.
रेशम उत्पादन में दूसरा नंबर: अभी रेशम उत्पादन में छत्तीसगढ़ देश में दूसरे नंबर पर है. अरुण साव ने कहा कि आप सभी के सहयोग से पहले पायदान पर हमें छत्तीसगढ़ को पहुंचाना है. डिप्टी सीएम ने इस आयोजन को मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इसमे सभी की सहभागिता जरुरी है. किसानों को प्रशिक्षण और मेरा रेशम, मेरा अभिमान कार्यक्रम के प्रगति के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास से एक करोड़ देने की घोषणा भी अरुण साव ने की.