
अर्चना तिवारी मामले में बड़ा खुलासा: शादी से बचने के लिए दोस्त संग रची गुमशुदगी की साजिश
कटनी जिले की बहुचर्चित अर्चना तिवारी गुमशुदगी प्रकरण में GRP ने बड़ा खुलासा किया है। रेल SP राहुल कुमार लोढ़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि यह कोई अपहरण या अपराध का मामला नहीं था, बल्कि शादी के दबाव से बचने के लिए अर्चना तिवारी और उसके दोस्त ने पूरी गुमशुदगी की साजिश रची थी।
शादी नहीं करना चाहती थीं अर्चना
रेल SP ने बताया कि अर्चना तिवारी के लिए लगातार शादी के रिश्ते आ रहे थे। परिवार ने उनका रिश्ता एक पटवारी से तय कर दिया था और पढ़ाई छोड़कर शादी करने का दबाव भी बना रहे थे। लेकिन अर्चना की इच्छा शादी करने की नहीं थी। इस कारण वह मानसिक रूप से तनाव में थीं और परिवार के दबाव से छुटकारा पाने का रास्ता खोज रही थीं।
सारांश से दोस्ती और साजिश की शुरुआत
इसी बीच अर्चना की दोस्ती सुल्तानपुर के रहने वाले युवक सारांश से हो गई थी। दोनों की मुलाकात इंदौर में हुई थी और फिर धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। जिस दिन अर्चना घर से लापता हुईं, उस दिन दोनों एक ही ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। रेल SP राहुल लोढ़ा ने बताया कि सारांश ने इस मामले में लीगल एडवाइज तक ले रखा था।
हरदा में बैठकर बनाई योजना
जांच में सामने आया है कि अर्चना और सारांश ने हरदा के एक ढाबे पर बैठकर पूरी योजना बनाई थी। उन्होंने तय किया कि अर्चना घरवालों को यह दिखाएंगी कि वह गायब हो गई हैं और किसी ने उनका अपहरण कर लिया है। जबकि हकीकत में वह स्वेच्छा से घर छोड़कर गई थीं।
भागने और गुमशुदगी का प्लान
अर्चना और सारांश ने योजना बनाई थी कि पहले अर्चना अचानक लापता होंगी, फिर कुछ दिनों तक दोनों छिपकर रहेंगे और बाद में शादी या कहीं और बसने की योजना बनाएंगे। अर्चना को यह भी भरोसा था कि GRP उनकी गुमशुदगी को गंभीरता से नहीं लेगी और मामला शांत हो जाएगा। लेकिन उलटा हुआ—GRP ने मामले की गहनता से जांच की और साजिश का भंडाफोड़ कर दिया।
GRP की सतर्कता से खुला राज़
रेल SP राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि अर्चना ने घरवालों के दबाव से बचने के लिए यह कदम उठाया, लेकिन उन्होंने यह अंदाजा नहीं लगाया था कि पुलिस इतनी तेजी से मामले की तह तक पहुंच जाएगी। GRP टीम ने तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के आधार पर दोनों को पकड़ लिया और पूरा सच सामने आ गया।
