
अंबेडकरनगर भीषण गर्मी के बीच रविवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। इस भीषण गर्मी में ज्यादातर प्रमुख चौराहों पर प्यास बुझाने के लिए न तो प्याऊ की व्यवस्था है और न वाटर कूलर की ही स्थापना है।
इससे चिलचिलाती धूप व गर्म हवा के थपेड़ों के बीच प्यास बुझाने के लिए संबंधित चौराहों पर पहुंचने वाले लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। रविवार को गर्म हवा के थपेड़ों से आम जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त रहा। गर्मी ऐसी कि लोग घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। जरूरी कार्य के लिए लोग प्रमुख बाजारों व चौराहों पर पहुंचे लेकिन भीषण गर्मी में उन्हें प्यास बुझाने के लिए पानी नहीं मिला। ज्यादातर प्रमुख चौराहों पर पेयजल की व्यवस्था नहीं है। रविवार को अलग-अलग प्रमुख चौराहों पर कुछ ऐसा हाल रहा।
पुराने तहसील तिराहे पर खराब पड़ा वाॅटर कूलर
अकबरपुर नगर के अत्यंत व्यस्ततम तिराहे में शामिल पुराने तहसील तिराहा पर शीतल पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। तिराहा के निकट स्थित हनुमान मंदिर के निकट वॉटर कूलर तो लगा है लेकिन लंबे समय से खराब है। भीषण गर्मी के दौर के बावजूद वॉटर कूलर को दुरुस्त कराने की सुध नगर पालिका प्रशासन नहीं ले रहा। यह लापरवाही तब है जब चंद कदम की दूरी पर ही नगर पालिका का कार्यालय स्थित है। क्षेत्र के संतोष, गोविंद, संदीप व गोपीचंद्र ने कहा कि सिर्फ तहसील तिराहा ही नहीं अन्य चौराहों पर भी लगे वॉटर कूलर खराब हैं लेकिन उन्हें दुरुस्त नहीं कराया जा रहा है।
भीटी चौराहे पर न प्याऊ न वॉटर कूलर
भीटी तहसील मुख्यालय के निकट स्थित भीटी चौराहे पर प्यास बुझाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। न तो प्याऊ है और न ही वॉटर कूलर ही लगा है। इससे भीषण गर्मी में प्यास बुझाने के लिए चौराहे के निकट लगे एकमात्र हैंडपंप का सहारा है या फिर दुकान से पानी की बोतल खरीदने की मजबूरी हो रही है। शीतल पेयजल के लिए तीन सौ मीटर दूर स्थित तहसील मुख्यालय पर लगे वॉटर कूलर तक की दौड़ लगानी पड़ती है। क्षेत्र के पवन सिंह, ज्ञान शर्मा, सत्यप्रकाश शुक्ल, मोहम्मद रहीम ने कहा कि कई बार तहसील व ब्लाक प्रशासन को पेयजल की बेहतर व्यवस्था करने के लिए लिखित व मौखिक शिकायत की लेकिन कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
जलालपुर के भी बुरे हाल
जलालपुर के प्रमुख चौराहों में शामिल जमालपुर व यादव चौराहे पर न तो प्याऊ की व्यवस्था है और न ही वॉटर कूलर ही लगा है। भीड़भाड़ वाले संबंधित चौराहों पर पेयजल की व्यवस्था करने की सुध नगर पालिका परिषद के जिम्मेदारों को नहीं है। क्षेत्र के संदीप, राजन, गुरुदेव, रहमान व अनुराग ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्याऊ या वाटर कूलर की स्थापना के लिए कई बार जिम्मेदारों से शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन कोई सुध नहीं ली जा रही है। पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को प्यास बुझाने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
हजपुरा चौराहे पर पानी के लिए भटक रहे लोग
अकबरपुर जलालपुर मार्ग पर स्थित प्रमुख चौराहों में शामिल हजपुरा चौराहे पर प्याऊ की व्यवस्था नहीं है। इस चौराहे स्थित दुकानों पर न सिर्फ हजपुरा बल्कि कजपुरा, दरगाह शाह रमजान समेत कई अन्य निकटवर्ती गांव के ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। भीषण गर्मी में प्याऊ की व्यवस्था न होने से लोगों को वहां स्थित एकमात्र हैंडपंप का सहारा लेना पड़ता है या फिर दुकान से पानी की बोतल खरीदनी पड़ती है। क्षेत्र के प्रदीप सिंह, प्रवेश कुमार, दुर्गेश, अरविंद कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यास बुझाने के लिए या तो वॉटर कूलर लगवाया जाए या फिर प्याऊ की व्यवस्था की जाए।
