
विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी के उद्देश्य से दौरा

जहानाबाद। जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी ने गुरुवार को रतनी फरीदपुर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी के उद्देश्य से यह दौरा किया। निरीक्षण के दौरान, डीईओ सरस्वती कुमारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय चगोड़ी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकंदरपुर और उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सिकंदरपुर पहुंचीं।
उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का गहन जायजा लिया। इस दौरान, उन्होंने स्वयं कक्षाओं में जाकर बच्चों को पढ़ाया और उनसे पढ़ाई के स्तर, शिक्षकों की नियमितता तथा विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं पर प्रतिक्रिया ली। डीईओ ने सभी विद्यालयों में स्वच्छ और अनुशासित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर, शौचालय और पेयजल व्यवस्था की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सिकंदरपुर में छात्रों की कम उपस्थिति पर डीईओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पोषक क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें और अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहली कड़ी है। डीईओ ने यह भी कहा कि जनगणना कार्य में प्रारंभिक विद्यालयों के कई शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति के बावजूद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विशेष शैक्षणिक व्यवस्था बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक आपसी समन्वय से प्रारंभिक कक्षाओं के बच्चों को भी पढ़ाएं, ताकि शिक्षण कार्य सुचारू रूप से जारी रहे।