A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर :राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ, जनपद में 16 हजार से अधिक वादों का हुआ निस्तारण

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। जनपद न्यायालय परिसर हमीरपुर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया। जनपद न्यायालय में 4375 वाद, राजस्व विभाग में 11208 वाद तथा विभिन्न बैंकों में लंबित प्रीलिटिगेशन मामलों में 417 वादों का निस्तारण हुआ। इस प्रकार कुल 16188 वादों का सफल निस्तारण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार राय ने अधिकारियों से जनहित में उदार एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाकर अधिकाधिक मामलों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण की अपील की। वहीं प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रभु नारायण पाण्डेय ने कहा कि पारिवारिक मामलों में समझौता रिश्तों को बचाने का सबसे बेहतर माध्यम है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने राष्ट्रीय लोक अदालत को न्याय एवं सामाजिक सौहार्द का महापर्व बताते हुए सभी विभागों से सक्रिय सहयोग की अपील की। लोक अदालत के दौरान वर्षों पुराने जमीनी विवादों सहित कई पारिवारिक मामलों का भी समझौते के आधार पर निस्तारण कराया गया।

लोक अदालत में न्यायालय, बैंक एवं राजस्व विभागों के माध्यम से कुल लगभग 4 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक की धनराशि समझौते के रूप में प्राप्त हुई। कार्यक्रम में लगाए गए विभिन्न विभागों के जनजागरूकता एवं प्रदर्शन स्टॉल तथा सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र बने रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!