A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, डीएम ने फील्ड ट्रेनर्स को दिलाई जिम्मेदारी की सीख

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद हमीरपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 19, 20 और 23 मार्च 2026 तक फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी हमीरपुर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

Related Articles

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)/जिला जनगणना अधिकारी की मौजूदगी में संयुक्त निदेशक राम मूर्ती, नोडल अधिकारी संदीप मालवीय, जिला प्रभारी मेवा लाल तथा जनपद के नामित दो मास्टर ट्रेनरों द्वारा कुल 40 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण में जनगणना से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं, गणना प्रपत्रों, डिजिटल प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप और CMMS पोर्टल के संचालन की तकनीकी व व्यवहारिक जानकारी विस्तार से दी जा रही है। साथ ही, गणना कार्य को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित होगा। खास बात यह है कि नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके तहत इच्छुक नागरिक 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने फील्ड ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास यात्रा की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि भविष्य की विकास योजनाएं, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की दिशा जनगणना के आंकड़ों से तय होती है।

डीएम ने निर्देश दिए कि सभी फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण के बाद अपने-अपने क्षेत्रों में गणनाकर्मियों को प्रभावी, व्यवहारिक और त्रुटिरहित प्रशिक्षण दें। साथ ही फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन से लगातार समन्वय बनाए रखें।

उन्होंने साफ कहा कि जनगणना कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और समयसीमा के भीतर बिना दोहराव व बिना त्रुटि के पूरा करना सभी संबंधित कार्मिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!