A2Z सभी खबर सभी जिले की

समर्पण सेवा अभियान अंतर्गत दिव्यांगजनों हेतु मेडिकल बोर्ड शिविर आयोजित

 डिंडौरी   कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में समर्पण सेवा अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत डिंडौरी एवं नगर परिषद डिंडौरी क्षेत्र के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए जिला चिकित्सालय डिंडौरी में विशेष मेडिकल बोर्ड शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना रहा।     शिविर में कुल 146 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। इस दौरान 59 हितग्राहियों के दिव्यांगता मेडिकल प्रमाण पत्र बनाए गए तथा 143 हितग्राहियों के यूडीआईडी (UDID) कार्ड तैयार किए गए। इसके साथ ही 12 नवीन पेंशन प्रकरण दर्ज किए गए तथा 28 पेंशन संबंधी समस्याओं का निराकरण किया गया।   शिविर में 58 हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदाय हेतु चिन्हित किया गया तथा 14 हितग्राहियों को आवश्यक चिकित्सीय जांच के लिए संदर्भित किया गया। इसके अतिरिक्त 1 दिव्यांगजन को सहायक उपकरण भी वितरित किया गया।

शिविर के दौरान आयुष विभाग द्वारा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न प्रकार की औषधियाँ वितरित की गईं। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, दैनिक दिनचर्या, आहार-विहार एवं आवश्यक जीवन-यापन संबंधी परामर्श प्रदान किया गया, जिससे वे बेहतर स्वास्थ्य के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।   शिविर में उप संचालक सामाजिक न्याय श्याम सिंगौर, सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी सहित जिला चिकित्सालय के मेडिकल बोर्ड के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के जिला समन्वयक ब्रजमोहन भारतीया, डीडीआरसी के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद पंचायत के बीपीओ दिलीप श्रीवास्तव तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर के दौरान हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित रूप से किया गया तथा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!