

डिंडौरी 10 मार्च, 2026
डिंडौरी मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में जिले में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा तिथियों का अनुमोदन जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अधिसूचित अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों की परम्पराओं को ध्यान में रखते हुए जिले में चार अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अप्रैल 2026 (सोमवार) को करंजिया/बजाग, 28 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को डिंडोरी, 07 मई 2026 (गुरुवार) को शहपुरा तथा 14 मई 2026 (गुरुवार) को अमरपुर/समनापुर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न होंगे।
सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र हितग्राही कन्याओं का विवाह शासन की योजना के अंतर्गत कराया जाएगा। इसके लिए विवाह पोर्टल पर तिथियां निर्धारित कर आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
कलेक्टर ने जिले के पात्र परिवारों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना का लाभ लेने के लिए समय पर आवेदन करें तथा संबंधित जनपद पंचायत, नगरीय निकाय अथवा सामाजिक न्याय विभाग से संपर्क कर निर्धारित तिथियों पर आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भाग लें। इससे पात्र हितग्राहियों को शासन की योजना का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सकेगा।