A2Z सभी खबर सभी जिले की

उत्कृष्ट विद्यालय करंजिया में बाल विवाह रोकथाम एवं वन स्टॉप सेंटर विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विद्यार्थियों ने लिया बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने एवं समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प

डिंडौरी   कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्याम सिंह सिंगौर के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट विद्यालय करंजिया में बाल विवाह रोकथाम एवं वन स्टॉप सेंटर विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर किशोरियों, को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर की टीम एवं सीडीपीओ श्रीमती शशि संध्या द्वारा बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि कम आयु में विवाह होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है, शिक्षा बाधित होती है, आत्मनिर्भरता प्रभावित होती है तथा बालिकाओं के अधिकारों का हनन होता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम के अंतर्गत कानूनी प्रावधानों, दंडात्मक कार्रवाई एवं बाल विवाह की सूचना देने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। साथ ही, संकट की स्थिति में वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाएं—परामर्श, चिकित्सा सहायता, अस्थायी आश्रय, पुलिस एवं कानूनी सहयोग—तथा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में विषय के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा उन्होंने सक्रिय सहभागिता करते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने एवं समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Related Articles
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!