A2Z सभी खबर सभी जिले की

उपायुक्त की पहल से दलमाबेड़ा टोला के ग्रामीणों को वर्षों बाद मिला जाति प्रमाण-पत्र, शिक्षा व योजनाओं का रास्ता खुला

 

जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)।

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की पहल पर फोरेस्ट ब्लॉक ग्राम पंचायत अंतर्गत दलमाबेड़ा टोला के नागरिकों को वर्षों से लंबित जाति प्रमाण-पत्र बनना शुरू हो गया है। इस दिशा में प्रखंड एवं अंचल प्रशासन द्वारा विशेष कैंप आयोजित कर प्रमाण-पत्र तैयार कर वितरण किया जा रहा है।

विदित हो कि 5 फरवरी 2026 को उपायुक्त के क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुसाबनी प्रखंड के दलमाबेड़ा टोला में लगभग 45 परिवारों के 250 से अधिक ग्रामीणों ने जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र के अभाव में बच्चों की शिक्षा और सरकारी योजनाओं से वंचित रहने की समस्या रखी थी। ग्रामीणों ने बताया था कि वे अनुसूचित जनजाति एवं सबर जनजाति से संबंधित हैं। उनके पास 1932 एवं 1937 के खतियान उपलब्ध हैं, पर 1964 में क्षेत्र को फॉरेस्ट लैंड दर्शा दिए जाने से प्रमाण-पत्र बनवाने में कठिनाई आ रही थी। जबकि 1975 से 1980 के बीच रेंट रसीद भी उनके द्वारा कटाई गई थी।

Related Articles

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने जांच का आदेश दिया और वंशावली तैयार कर ग्राम सभा की सहमति के आधार पर जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र निर्गत करने का निर्देश संबंधित अंचल व प्रखंड अधिकारियों को दिया।

अंचल अधिकारी श्री पवन कुमार ने बताया कि हाल सर्वे 1964 में खतियान में संरक्षित वन दर्ज है, जबकि 1932 के खतियान में अनाबाद मालिक कैफियत कॉलम में ग्रामीणों के पूर्वजों का नाम एवं जाति “हो” अंकित है। झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के दिनांक 25.02.2019 के मार्गदर्शन के अनुरूप कार्रवाई करते हुए 11 फरवरी 2026 को आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई और 12 फरवरी 2026 को जाति प्रमाण-पत्र निर्गत कर दिए गए।

अब तक जिन लोगों को जाति प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है, उनमें—

चिता बानरा (पिता- पोरमा बानरा),

सुमी बानरा (पिता- कांटे बानरा),

सुनील बानरा (पिता- मुलिया बानरा) एवं

सादो बानरा (पिता- मुलिया बानरा) शामिल हैं।

इसके अलावा 12 फरवरी 2026 को कुल 36 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 6 आवेदकों के प्रमाण-पत्र तैयार कर दिए गए हैं। शेष 30 आवेदकों के प्रमाण-पत्र 13 फरवरी 2026 तक तैयार कर लिए जाएंगे।

वर्षों बाद जाति प्रमाण-पत्र बनने की शुरुआत होने पर पंचायत के मुखिया पोरमा बानरा सहित ग्रामीणों ने उपायुक्त का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि अब बच्चों की शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

— आनंद किशोर

पत्रकार, अखंड भारत न्यूज़ (ब्यूरो चीफ)

ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)

Show More
Back to top button