
डिंडौरी : 12 फरवरी, 2026
जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत करौंदी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर 10 फरवरी से प्रारंभ होकर 16 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत तथा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर से संबद्ध इस शिविर का आयोजन “मेरा युवा भारत एवं डिजिटल साक्षरता के लिए युवा” थीम पर किया जा रहा है। शिविर का संचालन संभागीय समन्वयक डॉ. शोभाराम मेहरा, जिला संगठक डॉ. पी.सी. उइके एवं शासकीय आदर्श महाविद्यालय शहपुरा की प्राचार्य डॉ. स्वीटी यादव के निर्देशन में तथा एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी डॉ. एल.एन. साहू के नेतृत्व में किया जा रहा है।
शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत करौंदी की सरपंच श्रीमती दुर्गा बाई एवं प्राचार्य डॉ. स्वीटी यादव द्वारा मां सरस्वती, स्वामी विवेकानंद एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पूजन तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं से समाज सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सात दिवसीय शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवक ग्रामीणों को मध्यप्रदेश शासन की विभिन्न हितग्राही योजनाओं की जानकारी घर-घर जाकर दे रहे हैं। साथ ही डिजिटल साक्षरता, ऑनलाइन सेवाओं के उपयोग एवं शासकीय योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
शिविर के दौरान नशा मुक्ति अभियान, स्वच्छता जागरूकता रैली, ग्राम स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। युवाओं ने स्वच्छ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए ग्रामीणों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एवं स्टाफ—श्रीराम ठाकुर, डॉ. नेहा चौहान, डॉ. वीना शिवहरे, भागवत सिंह धुर्वे, पी.एस. वरकड़े, डॉ. परमेश साकेत, टी.पी. साहू, डॉ. अनिल झारिया, डॉ. राजू रैदास, डॉ. राजेश तिवारी, मधुर मरावी, कृति जैन, आकांक्षा कुशराम एवं अभिषेक पटेल सहित समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शिविर का समापन 16 फरवरी 2026 को होगा, जिसमें करौंदी की जनपद सदस्य श्रीमती कीर्ति भीमशंकर साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। यह विशेष शिविर युवा शक्ति को सामाजिक परिवर्तन एवं जनजागरूकता से जोड़ते हुए ग्राम विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।