
बानसूर कस्बे में संचालित आरसीआई शिक्षा ग्रुप द्वारा आयोजित वार्षिकोत्स्व व प्रतिभा सम्मान समारोह ‘उमंग-2025-26’ का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात समाजसेवी सेठ बिशम्भर दयाल यादव ने की, जबकि राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. रोहिताश शर्मा और शकुंतला रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मुंडावर विधायक ललित यादव, अलवर जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, और कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई, बानसूर वृत्ताधिकारी मेघा गोयल ने भी शिरकत की।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें कृषि विज्ञान में राजस्थान टॉपर बबीता यादव, नगर पालिका बानसूर में विज्ञान वर्ग की टॉपर नंदिनी शर्मा, राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ी और राज्यपाल अवार्ड प्राप्त स्काउट विद्यार्थी शामिल थे। इसके अलावा, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्रियों और विधायक ललित यादव ने आरसीआई शिक्षा ग्रुप के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने विद्यार्थियों को अनुशासन और लक्ष्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव व निदेशक डॉ. विजय कुमार और सह-निदेशक ताराचंद यादव व भूप सिंह यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।