A2Z सभी खबर सभी जिले की

बस्ती- पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

  1. सुसाइड नोट, वीडियो और चैटिंग से खुलेंगे मौत के राज
    बस्ती- पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग*
    कप्तानगंज- जनपद बस्ती में युवक की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। थाना हरैया क्षेत्र के ग्राम शंभूपुर निवासी जुगराज निषाद ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर मृतक निर्मल निषाद की मौत को संदिग्ध बताते हुए नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़ित परिवार ने सुसाइड नोट, वीडियो, फोटो एवं व्हाट्सएप चैटिंग को महत्वपूर्ण साक्ष्य बताते हुए आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है।
    पीड़ित परिवार का आरोप है कि मृतक निर्मल निषाद को लंबे समय से मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतक द्वारा मृत्यु से पूर्व लिखे गए सुसाइड नोट तथा बनाए गए वीडियो में ग्राम खैरी निवासी कमला निषाद सहित पप्पू निषाद उर्फ श्रीराम, राहुल निषाद, संग्राम निषाद समेत अन्य लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया गया है।
    परिजनों के अनुसार मृतक ने अपने वीडियो और लिखित बयान में स्पष्ट रूप से बताया था कि उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं। आरोप है कि महिला आरोपी द्वारा फोन कर बुलाया जाता था तथा अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की जाती थी। मृतक को डराया जाता था कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसे जान से मारकर फांसी पर लटका दिया जाएगा।
    घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब मृतक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला तब उसके दोनों पैरों में चप्पल पहना हुआ था। मृतक की जींस फटी हुई थी, शर्ट पर मिट्टी लगी थी तथा शरीर पर अंदरूनी चोट के निशान भी मौजूद थे, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है। परिवार ने दावा किया है कि घटना से जुड़े फोटो और वीडियो भी उनके पास मौजूद हैं जो निष्पक्ष जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
    मामले में पुलिस द्वारा एक महिला आरोपी कमला निषाद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन अन्य नामजद आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है।
    पीड़ित जुगराज निषाद ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि एफआईआर संख्या 107/2026 में नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष विवेचना कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
    इस संबंध में प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी बस्ती, डीआईजी रेंज बस्ती एवं संबंधित थाने को भी भेजी गई है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!