A2Z सभी खबर सभी जिले की

मोहगांव में गौ तस्करी के विरोध में गरजा जनआक्रोश ,पुलिस थाने में उतारी आरती, चक्का जाम आंदोलन की दी चेतावनी

मोहगांव में गौ तस्करी के विरोध में गरजा जनआक्रोश
पुलिस थाने में उतारी आरती, चक्का जाम आंदोलन की दी चेतावनी

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

मोहगांव क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गौ तस्करी की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को नगर मोहगांव में गौ प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने जोरदार जनजागरण आंदोलन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक विजय चौरे ने किया। आंदोलन के दौरान गौ रक्षा को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आई।


कार्यक्रम की शुरुआत नगर स्थित श्री अर्धनारीश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद बैल बाजार मोहगांव में गौ रक्षा जनजागरण सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में गौ सेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक विजय चौरे ने कहा कि क्षेत्र में लगातार गौ तस्करी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि “जिस प्रकार जन्म देने वाली माता पूजनीय होती है, उसी प्रकार गौ माता भी हमारे लिए पूजनीय हैं। किसी भी स्थिति में गौ माता की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

Related Articles


सभा के बाद सभी गौ प्रेमी थाना मोहगांव पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से पुलिस प्रशासन की आरती उतारकर गौ तस्करी रोकने की मांग की। आंदोलनकारियों का कहना था कि यह प्रशासन को जगाने का शांतिपूर्ण प्रयास है।


इस दौरान विधायक विजय चौरे ने प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि फिलहाल केवल सांकेतिक आंदोलन किया गया है। यदि जल्द ही गौ तस्करी पर रोक नहीं लगाई गई, तो क्षेत्र के समस्त गौ प्रेमी और नागरिक उग्र आंदोलन करते हुए चक्का जाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
आंदोलन के दौरान “गौ माता की रक्षा करो” और “गौ तस्करी बंद करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, गौ सेवक एवं हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!