


सिंगरौली पुलिस लाइन सिंगरौली में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ सैनिक सम्मेलन।
सैनिक सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक ने साझा किए जीवन अनुभव, पुलिस बल को किया प्रेरित।
- हेल्थ से बड़ी कोई पूंजी नहीं है -पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री।
सिंगरौंली दिनांक 30 जनवरी 2026: पुलिस लाइन सिंगरौली में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री (भा.पु.से.) के नेतृत्व में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को सुनना, उनके निराकरण हेतु सार्थक संवाद स्थापित करना तथा विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते,एसडीओपी चितरंगी राहुल कुमार सैयाम,एसडीओपी देवसर श्रीमती गायत्री तिवारी,प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक थाना प्रभारी जियावन सुश्री रोशनी कुर्मी,समस्त थाना प्रभारी, समस्त चौकी प्रभारी,रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, सूबेदार आशीष तिवारी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का बल,पुलिस लाइन तथा जिले के समस्त थानों एवं चौकियों का पुलिस बल उपस्थित रहा।सम्मेलन के प्रारंभ में नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते द्वारा पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वेतनमान, समयमान,आवास संबंधी समस्याओं,पुलिस कैंटीन एवं हेल्थ कैंप,आर.ओ.वाटर प्लांट,से संबंधित विषयों पर अपनी-अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे गए। इन सभी विषयों पर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किए जाने हेतु स्पष्ट एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने स्वास्थ्य को सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी डाइट एवं नियमित व्यायाम पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही बेहतर पुलिसिंग की नींव है।
पुलिस अधीक्षक ने पारिवारिक जीवन पर भी प्रकाश डालते हुए बच्चों की पढ़ाई,उनके मानसिक विकास तथा रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को डांटने के बजाय उन्हें समझाना और प्रोत्साहित करना आवश्यक है,जिससे उनकी सोचने-समझने की क्षमता मजबूत हो सके। इस अवसर पर उन्होंने अपने जीवन के अनुभव भी साझा किए।सम्मेलन के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते के जिला सिंगरौली से जिला उमरिया स्थानांतरण होने पर उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई। पुलिस अधीक्षक महोदय ने उनके कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा सभी अधिकारियों को सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया।