

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ़ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर। रेलवे लाइन के इंगोहटा के पास गेट संख्या 25 पर अंडर ब्रिज निर्माण के लिए गेट बंद कर कार्यदायी संस्था का ठेकेदार मजदूरों सहित एक सप्ताह से लापता है। इससे गांव के किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
अशोक मिश्र, राम अवतार साहू, राजू अनुरागी, राघवेंद्र सिंह, रमेश सिंह, सज्जन तिवारी आदि सैकड़ो किसानों का कहना है कि यदि दो माह के अंदर गेट का निर्माण नहीं हुआ तो फसल कटाई के समय खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी होगी। हार्वेस्टर मशीन बिना लंबे-चौड़े गेट के रेलवे लाइन के उस पार नहीं जा पाएगी। इंगोहटा गांव की आधी खेती करीब एक हजार बीघे खेती रेल पटरी के उस पार होने से समस्या और गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि गेट संख्या 26 के अंडर ब्रिज में कीचड़ तो हटा दिया गया, लेकिन ऊबड़-खाबड़ रास्ते को समतल नहीं किया गया। इससे आवागमन में कठिनाई हो रही है। किसानों ने बताया कि दो माह बाद फसल कटाई का समय आ जाएगा और ऊंची-चौड़ी हार्वेस्टर मशीन अंडर ब्रिज से नहीं निकल पाएगी। गर्मी के समय निर्माण होता तो फसल घर आ जाती । किसानों ने कहा कि मौजूदा मौसम में गेट बंद कर निर्माण में देरी से भारी समस्या खड़ी हो रही है। यदि दो माह में ब्रिज नहीं बना तो फसल कटाई का भगवान ही मालिक होगा। उन्होंने गेट 26 का रास्ता समतल करने और गेट 25 पर हार्वेस्टर लायक ऊंचाई-चौड़ाई का गेट बनाने की मांग की है, किसानों ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी न हुईं और हीला-हवाला किया गया तो वह लोग आंदोलन करने को विवश होंगे। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी रेल विभाग की होगी। वहीं रेलवे सहायक मण्डल अधिकारी बांदा दीपक कुमार का कहना है कि गेट संख्या 26 के ऊबड़ खाबड़ रास्ते को ठीक कराते हुए गेट संख्या 25 के अंडर ब्रिज का निर्माण ठेकेदार से वार्ता कर शीघ्र शुरू कराया जाएगा।