A2Z सभी खबर सभी जिले की

कौशाम्बी में पौष पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट, माघ मेले के लिए बनाए गए डायवर्जन पॉइंट्स का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

कौशाम्बी में पौष पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट, माघ मेले के लिए बनाए गए डायवर्जन पॉइंट्स का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

संवाददाता: प्रभाकर मिश्र कौशाम्बी

कौशाम्बी। माघ मेला प्रयागराज-2026 के प्रथम और प्रमुख स्नान पर्व पौष पूर्णिमा (3 जनवरी) को लेकर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कौशांबी जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। प्रयागराज जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन पॉइंट्स तैयार किए गए हैं।

शनिवार को इन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने मंझनपुर क्षेत्र में बनाए गए डायवर्जन पॉइंट्स का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात प्रबंधन, पुलिस तैनाती और सहायता केंद्रों की स्थिति को बारीकी से परखा।

Related Articles

 

                सीसीटीवी कैमरे में जांच करते हुए डीएम व एसपी

निरीक्षण के दौरान कोखराज बाईपास, सकाढ़ा तिराहा सहित अन्य प्रमुख चौराहों और डायवर्जन स्थलों पर तैनात पुलिस सहायता केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। डीएम-एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि माघ मेला के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहे और किसी भी मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए डायवर्जन प्वाइंट्स पर सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाई जाए। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सहायता केंद्रों को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तुरंत सहयोग मिल सके।

डीएम और एसपी ने पुलिस कर्मियों से अपील की कि वे पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्धारित डायवर्जन मार्गों का कड़ाई से पालन कराया जाए, जिससे माघ मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुगम और परेशानी-रहित बनी रहे।

प्रशासन ने जानकारी दी कि इस वर्ष माघ मेला-2026 को लेकर पूर्व से ही विस्तृत यातायात डायवर्जन योजना लागू की गई है। प्रमुख स्नान तिथियों पर भारी वाहनों और सामान्य यातायात के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि प्रयागराज सहित आसपास के क्षेत्रों में जाम और भीड़ की समस्या से बचा जा सके। इन मार्गों की जानकारी यात्रियों को पहले से ही विभिन्न माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों का उपयोग करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि माघ मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!