
संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली नाबालिग किशोरी की लाश, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता: प्रभाकर मिश्र
कौशाम्बी। पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के रहुवन का डेरा गांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग किशोरी का शव उसके घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान करीब 15 वर्षीय सविता देवी पुत्री स्वर्गीय बदलू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सविता के माता-पिता का करीब दस वर्ष पूर्व निधन हो चुका था, जिसके बाद वह घर में अकेली रहकर अपना जीवन यापन कर रही थी। शुक्रवार को भी वह रोज की तरह घर पर अकेली थी। देर रात तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। जब उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो किशोरी का शव रस्सी के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही पश्चिम शरीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष हरीश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
