

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल, हर घर जल ग्राम पंचायत छानी बुजुर्ग में आधी अधूरी नजर आ रही है। गांव की लगभग एक चौथाई आबादी अभी भी पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रही है। जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीण कृष्ण कुमार शुक्ला,विमल कुमार, विनोद कुमार आदि ने बताया कि नमामि गंगे योजना के तहत गांव की गलियों में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है और घरों के बाहर नल भी लगा दिए गए हैं, लेकिन यह पूरी कवायद केवल दिखावा साबित हो रही है। उनके मुहल्ले के आधा सैकड़ा घर ऐसे हैं जहां अभी तक नलों में पानी नहीं पहुंचा है । पानी की समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हर बार उन्हें जल्द सुधार का आश्वासन जाता है, लेकिन धरातल पर स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है। आश्वासन के बावजूद सप्लाई शुरू न होने से ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान है। उधर ग्राम प्रधान पति भारत यादव ने बताया कि यह क्षेत्र ऊंचाई का क्षेत्र है। यहीं से कुछ हिस्सा छानी खुर्द का जोड़ दिया गया है।जो ढलान पर है।इससे यहां पानी पर्याप्त नहीं पहुंच पा रहा है।बताया कि इस मामले की शिकायत सहायक अभियंता सुमित तिवारी से की थी।जिस पर शुक्रवार को मेंटीनेंस कंपनी के ठेकेदार प्रिंस ने मौका मुआयना कर समस्या के समाधान के लिए आश्वासन दिया है।