
वॉश ऑन व्हील्स: पांढुर्णा में स्वच्छता का नया मॉडल, अब गांव-गांव पहुंचेगी मोबाइल टॉयलेट सफाई सेवा
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। जिले में स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देते हुए जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल “वॉश ऑन व्हील्स” की शुरुआत की गई है। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में तथा सीईओ जिला पंचायत छिंदवाड़ा/पांढुर्णा श्री अग्रिम कुमार के नेतृत्व में जिला पंचायत द्वारा इस सेवा को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों की नियमित, व्यवस्थित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करना है, जिससे स्वच्छता का स्तर और अधिक मजबूत हो सके।

इस नवाचार के अंतर्गत जनपद पंचायत पांढुर्णा की कुल 72 ग्राम पंचायतों को 5 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में स्वच्छता साथियों के माध्यम से गांवों में जाकर शाला शौचालयों, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के शौचालयों तथा व्यक्तिगत शौचालयों की नियमित सफाई कराई जा रही है।
मोबाइल सफाई इकाइयों की सहायता से यह सेवा गांव-गांव पहुंचकर शौचालयों की सफाई एवं रखरखाव कर रही है, जिससे ग्रामीण अंचलों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के साथ-साथ स्थायी स्वच्छता व्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है।

*वॉश ऑन व्हील्स एप लॉन्च, अब बुकिंग होगी आसान*
इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर “वॉश ऑन व्हील्स एप” भी लॉन्च किया गया है। इस एप के माध्यम से कोई भी हितग्राही अपने घर या परिसर में स्थित शौचालय की सफाई के लिए सीधे बुकिंग कर सकता है। इससे यह सेवा ग्रामीणों के लिए और अधिक सुलभ, सरल और तेज हो गई है।

*राष्ट्रीय स्तर पर मिल रही सराहना*
पांढुर्णा जिले में प्रारंभ किए गए इस नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सराहना मिल रही है। प्रशासन की यह पहल स्वच्छता, जनसहभागिता और नवाचार का ऐसा उदाहरण बनकर उभर रही है, जो आने वाले समय में अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकती है।
वॉश ऑन व्हील्स अभियान अब पांढुर्णा जिले में स्वच्छता को एक नई पहचान दे रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।