
एंटी करप्शन टीम ने वॉल्टरगंज थाने में 15 हजार की रिश्वत लेते लेते दीवान को रंगे हाथ किया गिरफ्तार ।
बस्ती – जनपद के वॉल्टरगंज थाना क्षेत्र में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने वॉल्टरगंज थाने के दीवान राकेश चौहान को ₹15 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी दरौली गांव निवासी मनीष कुमार चौधरी की शिकायत पर हुई।
शिकायतकर्ता मनीष कुमार चौधरी के अनुसार, उनके पिता मिट्टी के कारोबार से जुड़े हैं और उनकी गाड़ियां ईंट-भट्टों पर काम करती हैं। ये वाहन अक्सर वॉल्टरगंज थाना क्षेत्र से गुजरते हैं। मनीष ने आरोप लगाया कि 10 दिसंबर को वॉल्टरगंज के थाना प्रभारी ने उन्हें बुलाकर प्रत्येक गाड़ी के लिए ₹5 हजार प्रतिमाह देने को कहा, यदि वे थाना क्षेत्र में गाड़ियां चलाना चाहते हैं।
मनीष ने बताया कि उन्होंने कम आय का हवाला देते हुए निवेदन किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इसके बाद कुल ₹25 हजार की मांग की गई। इस मांग से परेशान होकर मनीष ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने एक जाल बिछाया।बुधवार को मनीष ₹15 हजार लेकर वॉल्टरगंज थाने पहुंचे। आरोप है कि थाना प्रभारी ने रिश्वत की रकम सीधे लेने के बजाय दीवान राकेश चौहान को देने का निर्देश दिया। जैसे ही दीवान राकेश चौहान ने पैसे लिए, एंटी करप्शन टीम ने उसे थाने के अंदर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन टीम गिरफ्तार दीवान से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्टर
संतोष कुमार
अखंड भारत न्यूज बस्ती

