



रास्ते से पत्थर हटाने को लेकर दो पक्षों में हुआ जानलेवा विवाद, एक महिला की मौत
रिपोर्टर मनमोहन गुप्ता कामां डीग 9783029649
कामां – डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र के बझेरा गांव में रविवार शाम रास्ते से पत्थर हटाने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद जानलेवा झगड़े में बदल गया। झगड़े में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने एक पक्ष के 19 लोगों के खिलाफ हत्या और मारपीट का मामला दर्ज किया है। घटना रविवार रात करीब 7 बजे की बताई जा रही है। मृतका के बेटे रामप्रकाश निवासी बझेरा ने एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया कि उसका परिवार उत्तर प्रदेश के महरौली से घर लौटा था। जब उनकी गाड़ी गांव के प्रताप के घर के सामने पहुंची तो रास्ते में पत्थर रखे हुए थे। परिवार ने प्रताप से पत्थर हटाने को कहा, जिस पर उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। रामप्रकाश का आरोप है कि थोड़ी ही देर में प्रताप, गोपाल और उनके करीब 19 परिजन लाठी, डंडे, फरसे और बंदूकें लेकर आ गए। उन्होंने परिवार पर हमला बोल दिया। इस दौरान गोपाल ने उसके भाई हरी सिंह के सिर पर फरसा मारा और शिवम ने मां श्यामवती पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। सभी को कामां अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से श्यामवती को पहले आरबीएम अस्पताल भरतपुर और फिर एसएमएस अस्पताल जयपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
