
जनगणना 2027: पांढुर्णा में फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण का सफल समापन, कलमगांव में हुआ व्यावहारिक अभ्यास
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा, 27 मार्च 2026।
भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिला पांढुर्णा में तीन दिवसीय जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। 25 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं तथा मोबाइल एप आधारित डेटा संकलन प्रणाली से पूरी तरह दक्ष बनाना था।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत कलमगांव में फील्ड विजिट कराते हुए वास्तविक परिस्थितियों में हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान फील्ड ट्रेनरों ने घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संकलन की प्रक्रिया का अभ्यास किया। इस अभ्यास से उन्हें जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों को समझने और उनका समाधान खोजने का व्यावहारिक अनुभव मिला।
फील्ड विजिट के दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री नरेंद्र बांबल, श्री रविंद्र गडकरी एवं जनगणना निदेशालय भोपाल के जिला प्रभारी श्री कैलाशचंद्र साहू ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने डेटा की शुद्धता, समयबद्धता और पारदर्शिता को जनगणना की सफलता का आधार बताते हुए मोबाइल एप के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कलमगांव के सचिव श्री मुकेश राउत, शासकीय विद्यालय के शिक्षक श्री निलेश सहारे, श्रीमती ललिता नासरे सहित अन्य शिक्षकगण की उपस्थिति रही। सभी ने प्रशिक्षण को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण के बाद फील्ड ट्रेनरों में न केवल तकनीकी दक्षता बढ़ी है, बल्कि जनगणना कार्य के प्रति उनका आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ है। यह प्रशिक्षित दल आगामी जनगणना 2027 को सुचारु, सटीक और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जनगणना 2027: पांढुर्णा में फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण का सफल समापन, कलमगांव में हुआ व्यावहारिक अभ्यास