A2Z सभी खबर सभी जिले की

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी के निर्देश: जनता की समस्याओं का त्वरित व संतोषजनक समाधान ही प्राथमिकता

 निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, न्यायिक प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाएं अधिकारी

 

-जिलाधिकारी संजीव रंजन

अलीगढ़ : तहसील इगलास में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि शासन की मंशा जनता की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास की सशक्त कड़ी है। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि आवेदक को व्यवहारिक व संतोषजनक समाधान मिले। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, नामांतरण, खतौनी, बंटवारे जैसी शिकायतों का त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। साथ ही, एसडीएम और तहसीलदारों को विशेष रूप से निर्देश दिए कि न्यायिक प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाएं, लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करें और सुनवाई में अनावश्यक विलंब न होने दें।

जिलाधिकारी ने कस्बाई व ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, नालियों की मरम्मत, सड़कों की दशा सुधार और जलभराव की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता व स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। त्योहारों के मौके पर स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन चिकित्सा के लिए चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ तैयार रहे। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस की सफलता तभी है जब हर आवेदक संतुष्ट भाव से लौटे और शासन-प्रशासन के प्रति उसका विश्वास और दृढ़ हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी हर शिकायत को प्राथमिकता दी जाएगी और प्रत्येक पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस प्रशासन की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में 45 शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्राम कानचिरौली के जमना प्रसाद ने ग्राम प्रधान द्वारा विकास कार्य न कराए जाने तो वहीं पीपली के अजयवीर सिंह ने राजकीय नलकूप की संपत्ति को अवैध कब्जामुक्त कराए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नीरज त्यागी, एसडीएम पारितोश मिश्रा, डीडीओ आलोक आर्य, पीडी भाल चंद त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी महेश कुमार ने भी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!