A2Z सभी खबर सभी जिले की

डिंडोरी वन क्षेत्र में तीन हाथियों का विचरण, जनसुरक्षा के लिए विभाग अलर्ट

डिंडौरी     सामान्य वनमंडल डिंडोरी के अंतर्गत वनपरिक्षेत्र डिंडोरी में इन दिनों तीन हाथियों की आमद दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाथियों का दल कुई क्षेत्र से होते हुए रामगुड़ा, त्यागपुर, सारसताल, गोपालपुर, बांसी देवरी, देवकरा एवं मिगड़ी के वन क्षेत्रों में लगातार विचरण कर रहा है।

          वनमंडलाधिकारी अशोक कुमार सोलंकी एवं उपवनमंडल अधिकारी सुरेन्द्र सिंह जाटव के निर्देशन में हाथियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। जनसुरक्षा एवं जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छह विभागीय टीमें लगातार क्षेत्र में मॉनिटरिंग कर रही हैं। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं तथा प्रभावित ग्रामों में वन समितियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

           वन विभाग द्वारा जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए “हाथी मित्र दल” का गठन किया गया है, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों को शामिल कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। ये दल हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने, समय पर सूचना देने और ग्रामीणों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

          आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम भी गठित की गई है, जो सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। वहीं, हाथियों के सुरक्षित विचरण को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग के समन्वय से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार बिजली आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था अस्थायी रूप से बंद की जा रही है।

Related Articles

        चिकित्सा विभाग को भी अलर्ट रखा गया है, ताकि किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। यदि हाथियों द्वारा फसल, मकान या अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो राजस्व विभाग के साथ समन्वय कर त्वरित सर्वे एवं मुआवजा प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि हाथियों से कम से कम 250 मीटर की दूरी बनाए रखें, उनके पास न जाएं, न ही उन्हें उकसाएं। फोटो या वीडियो लेने के लिए जोखिम न उठाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!