
अलीगढ़ आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में आगामी दीपावली के त्योहार पर आम जनमानस को सुरक्षित दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादन उपलब्ध कराने की दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की दो टीम नियमित सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई करते हुए तत्क्रम में 18 अक्टूबर 2025 को छापामार कार्यवाही की गई।विस्तृत जानकारी के अनुसार खाद्य सचल टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज सिंह तोमर के नेतृत्व में प्रवर्तन कार्यवाही के अन्तर्गत सुदेशपुर गभाना में स्थित साहमत पनीर डेयरी का निरीक्षण कर सैंपलिंग की कार्यवाही कर 9 नमूने जिसमें पनीर के 5, मिश्रित दूध के 2 एवं एस.एम.पी., रिफाइंड पॉलमोलीन ऑयल संगृहीत किए गए। साथ ही प्रष्ठिान में पायी गयी अस्वथयकर एवं अस्वच्छकर परिस्थिति में खाद्य पदार्थ निर्माण के सम्बन्ध में सुधार नोटिस निर्गत एवं जल्दी खराब होने के कारण खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के सुसंगत प्रावधानों के तहत 380 किलोग्राम पनीर मूल्य 98800 एवं 350 किलोग्राम दूध मूल्य 20300 नष्ट कराया गया। साथ ही रिफाइंड पामोलीन तेल 73 किलोग्राम मूल्य 13578 एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर 48 किलोग्राम मूल्य 14304 जब्त भी किया गया।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त मिलावट की प्रकृति के अनुरूप खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अन्तर्गत नियमानुसार विधिक कार्यवाही सम्पादित की जायेगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, आशीष गंगवार, महेश सिंह, त्रिभुवन नारायण, सुनील शर्मा, परमवीर सिंह, प्रियेश सिंह एवं श्वेता चक्रवर्ती सम्मिलित रहे।