
अलीगढ़ न्यूज।
आयुर्वेद की महत्ता को जन–जन तक पहुँचाने के लिए विविध कार्यक्रम सम्पन्न
दसवें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष में मंगलवार को जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातः स्टेट बैंक चौराहे से हैबिटेट सेंटर तक जनजागरूकता रैली का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ माननीय कोल विधायक श्री अनिल पाराशर जी ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारियों एवं उनके कर्मचारियों के साथ-साथ नीमा के चिकित्सकों, जीवन ज्योति आयुर्वेद कॉलेज एवं श्री साईं आयुर्वेद पीजी कॉलेज के चिकित्सकगण व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए मनी बैंक्विट हॉल में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा0 विधायक श्री अनिल पाराशर जी उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान धन्वंतरि की पूजन-अर्चना कर शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर निगम पार्षद योगेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। मा0 विधायक जी ने अपने संबोधन में आयुर्वेद की चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहित करते हुए इसे जनकल्याण के लिए अपनाने पर बल दिया।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर में मरीजों का उपचार आयुष औषधियों के माध्यम से किया गया। साथ ही क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने नागरिकों को मोटे अनाज की उपयोगिता, त्रिदोष सिद्धांत, ऋतुचर्या, दिनचर्या एवं आहार-विहार जैसे आयुर्वेद के मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी देकर जागरूक किया। आयुर्वेद दिवस पर पशुओं के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सा विषयक व्याख्यान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त राजा महेंद्र प्रताप राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़ में भी आयुर्वेद की उपयोगिता एवं महत्ता पर विशेष व्याख्यान का आयोजन हुआ। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुष चिकित्सकों द्वारा जिले में विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने लाभ प्राप्त किया।