
डिंडौरी शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे द्वारा पंचायत डिंडोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत रकरिया में 10 लाख की लागत से निर्मित होने वाले सीसी रोड, ग्राम पंचायत छिवली के लुगदरा में 10 लाख एवं 5 लाख की लागत से निर्मित दो सीसी रोड, 5 लाख की लागत से पेयजल कूप निर्माण कार्य तथा 10 लाख की लागत से निर्मित पुलिया निर्माण कार्य का विधिवत लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन एवं माँ सरस्वती के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। लोकार्पण अवसर पर विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सुधार हो सके।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने उदबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि गांव, गरीब, किसान और महिलाओं तक विकास की रोशनी पहुंचे। सड़क, पानी और पुलिया जैसी आधारभूत सुविधाएं केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि ये ग्रामीण जीवन को सुगम, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम हैं। इन कार्यों से आवागमन आसान होगा, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और गांव के समग्र विकास को गति मिलेगी।
इस अवसर पर बद्री प्रसाद साहू, महेश धूमकेती, जनपद सदस्य श्रीमती कीर्ति गुप्ता, अंकित गुप्ता, सुशील राय, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार प्रकट किया।
