

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर। इस सप्ताह मौसम के तापमान में निरंतर वृद्धि होने से गेहूं की फसल असमय पककर तैयार होने की आशंका बलवती होने लगी है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। अगर मौसम का यही हाल रहा तो गेहूं का उत्पादन प्रभावित होगा।
इस सप्ताह प्रतिदिन के तापमान में निरंतर वृद्धि हुई है। तेज धूप खिलने से गेहूं की फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। इससे किसान परेशान है। प्रगतिशील कृषक मानसिंह भदौरिया, उदयभान यादव, सुरेश कुमार, प्रदीप गुप्ता आदि के मुताबिक फरवरी लास्ट तक धूप तेज नहीं होनी चाहिए। साथ ही ठंड का असर भी रहना चाहिए लेकिन एक सप्ताह से ठंड लगातार घट रही है और दिन का तापमान निरंतर चढ़ रहा है। इससे गेहूं की फसल प्रभावित होने की प्रबल संभावना है। तापमान बढ़ने से गेहूं के उत्पादन में विपरीत असर पड़ेगा और यह असमय पककर तैयार होगी।
कृषि रक्षा इकाई के तकनीकी सहायक अजित कुमार शुक्ला भी बढ़ते तापमान को गेहूं की फसल के लिए घातक मानते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को 15 दिन के अंदर गेहूं की फसल को पानी देना चाहिए।