
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं कृषक मित्र सूर्य योजना पर जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में किसान कल्याण एवं कृषि विभाग द्वारा जनपद पंचायत सभाकक्ष में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं कृषक मित्र सूर्य योजना को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित करना रहा।

कार्यशाला में उपस्थित किसानों, एफपीओ प्रतिनिधियों तथा विभागीय अधिकारियों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित फसलों, बीमा प्रीमियम, नुकसान होने की स्थिति में क्लेम प्रक्रिया तथा समय-सीमा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को यह भी बताया गया कि फसल क्षति की सूचना समय पर देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि दावा प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
फसल बीमा योजना की प्रक्रिया पर विशेष चर्चा
कार्यशाला में बताया गया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदा, ओलावृष्टि, अतिवृष्टि, सूखा, कीट-रोग जैसी परिस्थितियों में होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करती है। बीमा के लिए पात्र किसानों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करना आवश्यक है।

अधिकारियों द्वारा किसानों को जानकारी दी गई कि फसल नुकसान होने पर किसान को तुरंत संबंधित विभाग या पोर्टल के माध्यम से सूचना देना होती है। इसके पश्चात सर्वे कराकर नुकसान का आंकलन किया जाता है और प्रक्रिया पूर्ण होने पर बीमा राशि किसानों के खाते में सीधे हस्तांतरित की जाती है।
कृषक मित्र सूर्य योजना के लाभ बताए गए
कार्यशाला में कृषक मित्र सूर्य योजना के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना किसानों को ऊर्जा सुविधा, सिंचाई में राहत तथा कृषि कार्यों को आसान बनाने में सहायक है। योजना के तहत पात्र किसानों को आवश्यक दिशा-निर्देशों के अनुसार लाभ प्रदान किया जाएगा।

कार्यशाला में कृषक मित्र सूर्य योजना के अंतर्गत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा क्रियान्वयन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को बताया गया कि योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि कार्यों में बिजली/ऊर्जा आधारित सुविधाओं से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
किसानों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कार्यक्रम में उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर समय पर आवेदन करें, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ उन्हें मिल सके। साथ ही किसानों को यह भी बताया गया कि फसल बीमा योजना से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए वे कृषि विभाग, बैंक अथवा संबंधित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
किसान, अधिकारी और एफपीओ प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यशाला में बड़ी संख्या में किसान, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा एफपीओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने योजनाओं से संबंधित प्रश्न भी पूछे, जिनका समाधान अधिकारियों द्वारा मौके पर ही किया गया।
कार्यशाला के माध्यम से किसानों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें अधिक जागरूक करने का प्रयास किया गया, ताकि जिले में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

