
चारामा के करिहा ग्राम में दुर्गा चालीसा का अखंड पाठ, नशा मुक्ति का लिया संकल्प
कांकेर। कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक के ग्राम करिहा स्थित शीतला रंगमंच में 6 से 7 सितंबर तक 24 घंटे का अखंड दुर्गा चालीसा पाठ आयोजित किया गया। इस अवसर पर न केवल जिले से बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और नशे से दूर रहने का संदेश देना था। आयोजन भगवती मानव कल्याण संगठन के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। यह संगठन 15 मार्च 1995 को परमहंस योगीराज शक्तिपुत्र जी महाराज द्वारा धर्मरक्षा, विश्वशांति और मानव कल्याण के लिए स्थापित किया गया था। संगठन का मुख्यालय पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम धाम में है, जहां 15 अप्रैल 1997 से लगातार दुर्गा चालीसा का अखंड पाठ हो रहा है।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गांव-गांव में 24 घंटे का पाठ कराया जा रहा है। करिहा में हुए आयोजन के दौरान मंच और माता दुर्गा की प्रतिमा को आकर्षक सजावट से अलंकृत किया गया था। सैकड़ों भक्त, धर्मप्रेमी और समाजसेवी इस आयोजन से जुड़े।
संगठन की केंद्रीय अध्यक्ष पूजा शुक्ला ने कहा कि शराब और नशे की लत समाज में अपराधों की जड़ है। संगठन का संकल्प है कि प्रदेश में नशा मुक्त वातावरण बने। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपने जीवन को बेहतर दिशा दें। शुक्ला ने यह भी बताया कि नशा छोड़ने के लिए संगठन किसी भी तरह का शुल्क नहीं लेता, केवल आस्था और दृढ़ निश्चय के साथ लोग इसमें शामिल होकर अपना जीवन बदल सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने भी इस आयोजन को समाज के लिए सकारात्मक बताया और कहा कि इस तरह के धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों से एकजुटता बढ़ती है और समाज को नई दिशा मिलती है।