मनावर पुलिस ने 6 लाख का मशरूका किया जब्त, 25 हजार रुपए में बेची थी चोरी की ट्रॉली… टोंकी फाटे के पास मिली सूचना से खुला मामला, कुक्षी से चोरी की ट्रॉली और वारदात में प्रयुक्त सोनालिका ट्रैक्टर बरामद
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। मनावर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई लाल रंग की ट्रैक्टर-ट्रॉली और वारदात में प्रयुक्त नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर जब्त किया है। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की ट्रॉली को 25 हजार रुपए में बेच दिया था।
*खाली प्लॉट पर खड़ी ट्रॉली हुई चोरी*
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी गणेश पिता धन्नालाल प्रजापत (45), निवासी पटेल कॉलोनी, मनावर खेती-किसानी के साथ ईंट भट्टे का काम करते हैं। उन्होंने 5 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5 बजे अपने खेत से लाल रंग की पुरानी खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली लाकर महावीर कॉलोनी स्थित एक खाली प्लॉट पर खड़ी की थी। इसके बाद वह ट्रैक्टर लेकर घर चले गए। अगले दिन 6 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे जब फरियादी प्लॉट पर पहुंचे तो ट्रॉली गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। इस पर उन्होंने थाना मनावर में शिकायत दर्ज कराई।
*मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई*
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मनावर में अपराध क्रमांक 717/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। चोरी गई ट्रॉली की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टोंकी फाटे के पास ट्रॉली के संबंध में संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, नौशाद पिता अनवर शाह (23), निवासी शिक्षक कॉलोनी, मनावर ने ट्रॉली चोरी कर उसे अपनी बताकर कुक्षी निवासी अर्श उर्फ गोल्डी को 25 हजार रुपए में बेचना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस टीम कुक्षी पहुंची और दूसरे आरोपी अर्श उर्फ गोल्डी पिता इशाक कुरैशी (26), निवासी सुभाष मार्ग, कुक्षी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने नौशाद से 25 हजार रुपए में ट्रॉली खरीदने और सोनालिका ट्रैक्टर की मदद से उसे घटनास्थल से ले जाने की जानकारी दी।
*एक लाख की ट्रॉली, पांच लाख का ट्रैक्टर जब्त*
पुलिस ने आरोपी अर्श उर्फ गोल्डी के कब्जे से चोरी गई लाल रंग की ट्रैक्टर-ट्रॉली, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपए है, तथा वारदात में प्रयुक्त नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर, जिसकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपए है, जब्त किया है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 6 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस सहित अन्य संबंधित वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
*इनकी रही सराहनीय भूमिका*
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रशांत पाल, प्रधान आरक्षक आमिर अंसारी (88), आरक्षक जितेन्द्र कुशवाह (899) और आरक्षक भूपेन्द्र ठाकुर (750) की सराहनीय भूमिका रही।
